
मुंबई में ‘प्रहार’ का ट्रेलर लॉन्च, 26/11 की कानूनी लड़ाई अब बड़े पर्दे पर
Prahaar’ trailer launch in Mumbai the 26/11 legal battle now on the big screen.
महाराष्ट्र, मुंबई: मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) में मंगलवार को फिल्म ‘प्रहार: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम’ के ट्रेलर का अनावरण किया गया। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने ट्रेलर लॉन्च किया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ अधिवक्ता उज्ज्वल निकम, अभिनेता राजकुमार राव, फिल्म के निर्माता-दिग्दर्शक, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी और 26/11 हमले में शहीद हुए पुलिसकर्मियों के परिवारों के सदस्य मौजूद रहे। फिल्म में राजकुमार राव उज्ज्वल निकम की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म का निर्देशन अविनाश अरुण ने किया है और इसका निर्माण दिनेश विजान की मैडॉक फिल्म्स के बैनर तले किया गया है। फिल्म में वामिका गब्बी, जयदीप अहलावत और सिकंदर खेर समेत अन्य कलाकार भी नजर आएंगे।
ट्रेलर में 26/11 मुंबई आतंकी हमलों के बाद हुई न्यायिक प्रक्रिया और इस मामले में विशेष सरकारी वकील के तौर पर उज्ज्वल निकम की भूमिका को केंद्र में रखा गया है। कहानी आतंकवादी हमले की जांच से आगे बढ़ते हुए अदालत में चली लंबी कानूनी लड़ाई और अभियोजन पक्ष की रणनीति पर फोकस करती है। ट्रेलर लॉन्च के लिए CSMT को चुना जाना भी खास रहा, क्योंकि 26 नवंबर 2008 को हुए आतंकी हमलों के दौरान यह स्टेशन भी हमले के प्रमुख स्थानों में शामिल था। इसी वजह से फिल्म के ट्रेलर का अनावरण उस जगह पर होना कार्यक्रम को ऐतिहासिक संदर्भ से जोड़ता है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि यह फिल्म केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि कानून के माध्यम से न्याय दिलाने की प्रक्रिया और उसके महत्व को सामने रखने वाला प्रयास है। उन्होंने 26/11 हमले के पीड़ितों और शहीदों को न्याय दिलाने में उज्ज्वल निकम की भूमिका का भी उल्लेख किया। अभिनेता राजकुमार राव ने भी 26/11 हमलों की अपनी यादें साझा कीं। उन्होंने बताया कि उस समय वह मुंबई आए कुछ ही महीने हुए थे और उन्होंने टीवी पर हमलों की घटनाओं को देखा था। प्रहार’ के जरिए 26/11 मामले से जुड़ी अदालत की कार्यवाही, कानूनी चुनौतियों और उज्ज्वल निकम के पेशेवर सफर के एक हिस्से को सिनेमाई रूप में पेश किया जा रहा है।
फिल्म का ट्रेलर अब रिलीज हो चुका है और इसमें कोर्टरूम ड्रामा के साथ मुंबई हमलों की घटनाओं को भी दिखाया गया है। फिल्म 16 अक्टूबर 2026 को रिलीज होने की जानकारी सामने आई है।



