Trending

खेल प्रतिभाओं के चयन के लिए 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को ट्रायल

Trials for the selection of sports talent on September 30 and October 1.

छत्तीसगढ़, रायपुर: रायपुर जिले की गैर-आवासीय खेल अकादमियों में प्रवेश और प्रवेश नवीनीकरण के लिए चयन ट्रायल 30 सितंबर और 1 अक्टूबर 2026 को आयोजित किए जा रहे हैं। इन ट्रायल के माध्यम से तीरंदाजी, फुटबॉल, हॉकी और एथलेटिक्स के खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। चयन ट्रायल में राज्य के बालक-बालिका खिलाड़ियों के साथ अन्य राज्यों के 13 से 17 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी भी हिस्सा ले सकेंगे। खिलाड़ियों का चयन उनके खेल प्रदर्शन और प्रतिभा के आधार पर चयन समिति द्वारा किया जाएगा।चयन प्रक्रिया के पहले दिन यानी 30 सितंबर को सुबह 7 बजे से 11 बजे तक खिलाड़ियों का पंजीयन किया जाएगा। इसके साथ ही दस्तावेज परीक्षण, चिकित्सीय परीक्षण और शारीरिक दक्षता परीक्षण भी होगा।

खिलाड़ियों को चयन ट्रायल में शामिल होने के लिए आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र तथा जन्म प्रमाण पत्र या जन्मतिथि वाली प्रमाणित अंकसूची साथ लाना अनिवार्य होगा। चयन प्रक्रिया के दूसरे दिन 1 अक्टूबर को खिलाड़ियों के खेल कौशल का परीक्षण किया जाएगा। अलग-अलग खेलों के खिलाड़ियों के लिए निर्धारित खेल मैदानों पर यह प्रक्रिया आयोजित होगी। चयन ट्रायल के प्रमुख स्थल स्वामी विवेकानंद स्टेडियम, तीरंदाजी एरिना, बालिका खेल छात्रावास के सामने और हॉकी स्टेडियम पिच-02 हैं। सभी परीक्षण सुबह 7 बजे से आयोजित किए जाएंगे।

खेल अकादमियों के लिए खिलाड़ियों का चयन उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा। अंतिम रूप से चयनित खिलाड़ियों को शासन की ओर से निःशुल्क प्रशिक्षण, खेल परिधान, प्लेइंग किट, बीमा और खेलवृत्ति सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। चयन प्रक्रिया का उद्देश्य प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

खिलाड़ियों और उनके अभिभावकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय पर चयन स्थल पर पहुंचें और आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर आएं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker