राष्ट्रपति दौरे को लेकर बिलासपुर प्रशासन ने तेज की तैयारियां
Bilaspur administration intensifies preparations for the President's visit.

हिमाचल प्रदेश, बिलासपुर: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के प्रस्तावित 6 अक्टूबर के बिलासपुर दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिला मुख्यालय स्थित बचत भवन में राष्ट्रपति के दौरे की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने की। बैठक में जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ एम्स बिलासपुर के अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से शामिल हुए और राष्ट्रपति के दौरे से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। राहुल कुमार ने कहा कि राष्ट्रपति का बिलासपुर दौरा जिले के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण और गौरव का विषय है। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 6 अक्टूबर को श्री नैना देवी जी मंदिर में दर्शन करेंगी। इसके बाद वह एम्स बिलासपुर के प्रथम दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रपति के दौरे को गरिमापूर्ण, सुरक्षित और सफल बनाने के लिए सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
बैठक में राष्ट्रपति के प्रस्तावित रूट का बारीकी से निरीक्षण करने और रूट पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। श्री नैना देवी जी मंदिर में राष्ट्रपति के दर्शन को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, स्वच्छता, पेयजल और विद्युत आपूर्ति सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने पर जोर दिया गया। पुलिस विभाग को राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही राष्ट्रपति के काफिले की आवाजाही के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यकतानुसार ट्रैफिक डायवर्जन, पार्किंग और वीआईपी मूवमेंट की विस्तृत योजना तैयार करने को कहा गया।
वीआईपी ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों के पहचान पत्र जारी करने की प्रक्रिया भी समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, रूट निरीक्षण, यातायात प्रबंधन, संचार व्यवस्था, विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति, पार्किंग, स्वच्छता और अन्य आवश्यक प्रबंधों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान, अतिरिक्त उपायुक्त रूपिंदर कौर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि एम्स बिलासपुर के अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से बैठक में शामिल हुए।



