
PM मोदी के जन्मदिन पर पुणे में साइकिल रैली और वॉकेथॉन
Cycle rally and walkathon in Pune on PM Modi's birthday.
महाराष्ट्र,पुणे: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर पुणे में ‘पुणे ऑन पेडल्स’ साइकिल रैली और ‘पुणे फैमिली वॉकेथॉन’ का आयोजन किया गया। राज्यसभा सांसद प्रो. डॉ. मेधा कुलकर्णी की संकल्पना से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और साइकिल के उपयोग को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाना रहा। रविवार सुबह करीब 6 बजे मयूर कॉलोनी स्थित बालशिक्षण मंदिर से साइकिल रैली की शुरुआत हुई। बड़ी संख्या में नागरिकों, साइकिल प्रेमियों और युवाओं ने इसमें हिस्सा लेकर स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी जितेंद्र डुडी और पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार की विशेष उपस्थिति रही। दोनों अधिकारियों ने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया और स्वस्थ जीवनशैली तथा पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाले ऐसे आयोजनों के महत्व को रेखांकित किया। आयोजकों के अनुसार, ‘पुणे ऑन पेडल्स’ और ‘पुणे फैमिली वॉकेथॉन’ जैसे उपक्रम पिछले छह वर्षों से आयोजित किए जा रहे हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को नियमित व्यायाम, साइकिल चलाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया जाता है।
इस वर्ष कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंद विद्यार्थियों को 150 साइकिलों का नि:शुल्क वितरण भी किया गया। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को आवागमन का सुविधाजनक साधन उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनमें साइकिल के प्रति रुचि और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम में परिवारों और युवाओं की भागीदारी ने इसे विशेष रूप से आकर्षक बनाया। साइकिल रैली और वॉकेथॉन के माध्यम से आयोजकों ने ‘स्वस्थ नागरिक, स्वच्छ पर्यावरण और सक्रिय समाज’ का संदेश देने का प्रयास किया।



