कैथल के 47 स्कूलों में छात्राओं के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण शुरू
Self-defence training for female students launched in 47 schools in Kaithal.

कैथल, हरियाणा: सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाली छात्राओं को आत्मनिर्भर, जागरूक और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से शैक्षणिक सत्र 2026-27 में ‘रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण’ कार्यक्रम शुरू किया गया है। इस कार्यक्रम के तहत कैथल जिले के 47 सरकारी स्कूलों की कक्षा छठी से 12वीं तक की 8,423 छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
जिला परियोजना समन्वयक कार्यालय की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार कैथल, पूंडरी, राजौंद, सीवन और कलायत ब्लॉक के चयनित सरकारी स्कूलों में छात्राओं को प्रशिक्षित किया जाएगा। यह प्रशिक्षण करीब डेढ़ माह तक चलेगा।
विषम परिस्थितियों में खुद की सुरक्षा का प्रशिक्षण
रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को विषम और आपात परिस्थितियों में अपनी सुरक्षा करने के लिए सक्षम बनाना है। प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को आत्मरक्षा की विभिन्न व्यावहारिक तकनीकों का अभ्यास कराया जा रहा है।
हरियाणा सरकार की इस पहल के तहत छात्राओं को आत्मरक्षा के अलग-अलग गुर सिखाए जा रहे हैं, ताकि किसी भी विपरीत परिस्थिति में वे घबराने के बजाय आत्मविश्वास के साथ उसका सामना कर सकें।
हुड्डा सरकारी स्कूल में भी चल रहा प्रशिक्षण
कैथल के हुड्डा सरकारी स्कूल में भी छात्राओं को प्रशिक्षित प्रशिक्षक के माध्यम से आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। स्कूल के अध्यापक एवं प्रभारी जय भगवान की देखरेख में छात्राएं प्रशिक्षण ले रही हैं। प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को नए-नए आत्मरक्षा के गुर सिखाए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास और मनोबल बढ़ाने के साथ उन्हें निडर और आत्मनिर्भर बनाना है।
कक्षा के अनुसार दिया जा रहा प्रशिक्षण
स्कूल प्रभारी जय भगवान ने बताया कि उनके स्कूल में प्रशिक्षण चरणबद्ध तरीके से कराया जा रहा है। पहले 10 दिनों तक कक्षा आठवीं, इसके बाद 10 दिनों तक कक्षा सातवीं और फिर 10 दिनों तक कक्षा छठी की छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इस प्रकार के प्रशिक्षण से छात्राओं में न केवल सुरक्षा की भावना मजबूत होगी, बल्कि उनके आत्मविश्वास में भी वृद्धि होगी।
राष्ट्रीय स्तर की जूडो खिलाड़ी दे रही हैं प्रशिक्षण
प्रशिक्षक खुशप्रीत कौर, जो जूडो की राष्ट्रीय खिलाड़ी हैं, छात्राओं को आत्मरक्षा की तकनीकों का प्रशिक्षण दे रही हैं। उनका कहना है कि प्रशिक्षण का उद्देश्य छात्राओं को इस तरह सक्षम बनाना है कि वे किसी भी अप्रिय या आपात स्थिति में आत्मविश्वास के साथ अपना बचाव कर सकें। उन्होंने बताया कि नियमित अभ्यास के माध्यम से छात्राओं का मनोबल बढ़ाने और उन्हें आत्मरक्षा के लिए व्यावहारिक रूप से तैयार करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
प्रशिक्षण को लेकर छात्राओं में उत्साह
प्रशिक्षण ले रही कक्षा आठवीं की छात्राओं ने भी इस पहल पर खुशी जताई। छात्राओं ने कहा कि उन्हें आत्मरक्षा के नए-नए गुर सीखने को मिल रहे हैं और प्रशिक्षण के बाद उनका आत्मविश्वास और मनोबल बढ़ेगा। छात्राओं का कहना है कि आत्मरक्षा प्रशिक्षण उन्हें किसी भी आपात स्थिति का बेहतर तरीके से सामना करने में मदद करेगा। उन्होंने छात्राओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए इस पहल को महत्वपूर्ण कदम बताया।



