श्रीनगर जेल से POCSO एक्ट के दो आरोपी फरार, पूरे जम्मू-कश्मीर में अलर्ट
Two accused under the POCSO Act escape from Srinagar Central Jail; alert issued across Jammu & Kashmir.
श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर की श्रीनगर सेंट्रल जेल से POCSO एक्ट के तहत बंद दो आरोपी रविवार को फरार हो गए। घटना के सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है और पूरे केंद्र शासित प्रदेश में अलर्ट जारी किया गया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, दोनों आरोपी अलग-अलग मामलों में POCSO एक्ट के तहत श्रीनगर सेंट्रल जेल में बंद थे। जेल से फरार होने के बाद पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए लुकआउट नोटिस जारी किए हैं।
पुलिस ने जारी की आरोपियों की पहचान
कश्मीर ज़ोन पुलिस की ओर से जारी लुकआउट नोटिस के मुताबिक, फरार आरोपियों में मुख्तार अहमद गुज्जर शामिल है, जो अनंतनाग जिले के संगलान चिटरगुल का निवासी बताया गया है। दूसरा आरोपी फरमान खान है, जो सदनपोरा रागिस्तान का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ POCSO एक्ट की धारा 3/4 के तहत मामले दर्ज हैं।
बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन
दोनों आरोपियों के जेल से फरार होने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने उनकी तलाश तेज कर दी है। संभावित ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सभी संबंधित एजेंसियों को अलर्ट किया है। पुलिस का कहना है कि POCSO मामलों में दर्ज मुकदमों के अलावा जेल से फरार होने के संबंध में भी दोनों आरोपियों के खिलाफ अतिरिक्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की लोगों से अपील
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें दोनों फरार आरोपियों के बारे में कोई जानकारी मिलती है, तो तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या आपातकालीन नंबर 112 पर सूचना दें। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की गिरफ्तारी में मददगार साबित होने वाली विश्वसनीय सूचना देने वाले व्यक्ति को उचित इनाम भी दिया जाएगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत सुरक्षा एजेंसियों तक पहुंचाएं।



