Heavy Rain Alert: अगले 2-3 दिन कई राज्यों में होगी तेज बारिश
Heavy Rain Alert: Heavy rain expected in several states over the next 2-3 days.
नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में मानसून सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग ने आज छत्तीसगढ़, बिहार, ओडिशा और पूर्वी मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं, अगले दो से तीन दिनों के दौरान कई अन्य राज्यों में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, तटीय आंध्र प्रदेश, तटीय कर्नाटक, पूर्वी उत्तर प्रदेश, गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड, केरल, माहे, मध्य महाराष्ट्र और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में अगले दो से तीन दिनों तक कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है
इसके अलावा तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, तेलंगाना, उत्तराखंड, विदर्भ, पश्चिमी मध्य प्रदेश और पूर्वोत्तर भारत में भी बारिश की गतिविधियां बनी रहने की संभावना है।
इन राज्यों में गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट
मौसम विभाग ने आज अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, आंतरिक कर्नाटक, तटीय कर्नाटक, लक्षद्वीप, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, मराठवाड़ा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है। बारिश के साथ तेज हवाओं और आकाशीय बिजली की स्थिति को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। खासकर गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और कमजोर ढांचों के पास जाने से बचने की सलाह दी गई है।
अगले 2 से 3 दिन अहम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले दो से तीन दिन पूर्वी, मध्य और दक्षिण भारत के कई हिस्सों के लिए महत्वपूर्ण रहेंगे। कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण जलभराव और यातायात पर असर पड़ सकता है। लोगों से अपील है कि वे स्थानीय मौसम चेतावनियों पर नजर रखें और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।



