JPSC-JSSC भर्ती पर बड़ा अभियान: 24 अगस्त से 24 जिलों में निकलेगी यात्रा
Major campaign regarding JPSC-JSSC recruitment: A march will be held across 24 districts starting August 24.
रांची : झारखंड में JPSC-JSSC भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त बनाने की मांग को लेकर चल रहे “JPSC-JSSC भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती अभियान” के दूसरे चरण की शुरुआत 24 अगस्त से होगी। अभियान की शुरुआत रामगढ़ जिले के नेमरा गांव स्थित लुकैया टांड़ से की जाएगी। छात्र नेता देवेन्द्र नाथ महतो के अनुसार, नेमरा दिशोम गुरु शिबू सोरेन का पैतृक गांव है और यहीं से अभियान के दूसरे चरण की यात्रा पारंपरिक आदिवासी रीति-रिवाजों के साथ शुरू होगी।
आदिवासी परंपरा के साथ होगा शुभारंभ
आयोजकों के मुताबिक यात्रा की शुरुआत वरिष्ठ पाहन की मौजूदगी में होगी। मांदर की धुन के बीच राष्ट्रगान और सखुआ के पौधे का रोपण किया जाएगा। इसके बाद अभियान की यात्रा झारखंड के 24 जिलों के लिए रवाना होगी।
अभियान का उद्देश्य JPSC और JSSC की भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और निष्पक्षता की मांग को लेकर अभ्यर्थियों और युवाओं के बीच जागरूकता बढ़ाना है।
अभ्यर्थियों को मिलेगी कानूनी सहायता
यात्रा के दौरान अभ्यर्थियों की समस्याओं और न्यायिक मामलों में सहायता के लिए अधिवक्ताओं की लीगल टीम भी अभियान के साथ रहेगी। आयोजकों के अनुसार, इच्छुक अभ्यर्थियों को न्यायिक मामलों में इंटरवेनर बनने की प्रक्रिया तथा वकालतनामा से संबंधित आवश्यक कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
छात्र नेता देवेन्द्र नाथ महतो ने कहा कि अभियान पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से चलाया जाएगा। उनका कहना है कि इसका उद्देश्य सरकार और भर्ती संस्थाओं के समक्ष युवाओं की समस्याओं तथा मांगों को प्रभावी ढंग से रखना है।
24 जिलों तक पहुंचेगी यात्रा
रामगढ़ के नेमरा से शुरू होने वाली यह यात्रा हजारीबाग, चतरा, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, दुमका, धनबाद, बोकारो, जमशेदपुर, चाईबासा, खूंटी, गुमला, पलामू समेत झारखंड के 24 जिलों से होकर रांची पहुंचेगी।
आयोजकों ने अभियान को झारखंड के युवाओं के भविष्य, अधिकार और सम्मान से जुड़ा लोकतांत्रिक आंदोलन बताया है। अब दूसरे चरण में अभियान किस तरह युवाओं और अभ्यर्थियों को जोड़ता है और भर्ती प्रक्रिया में सुधार की मांग को कितना व्यापक समर्थन मिलता है, इस पर सभी की नजर रहेगी।



