Trending

चंद्रयान-2 के डेटा से चंद्रमा का अध्ययन, नितीश कुमार को वैश्विक सम्मान

Study of the Moon using Chandrayaan-2 data; global honour for Nitish Kumar

रांची। बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान, मेसरा (BIT Mesra) के शोधकर्ता नितीश कुमार को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित URSI GASS 2026 में Young Scientist Award से सम्मानित किया गया है। पोलैंड के क्राको में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में उन्हें चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुवीय क्षेत्र में मौजूद हिमयुक्त क्रेटरों से निकले इजेक्टा के अध्ययन से जुड़े महत्वपूर्ण शोध के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया।

नितीश कुमार का शोध चंद्रयान-2 के डुअल-फ्रीक्वेंसी सिंथेटिक एपर्चर रडार (SAR) से प्राप्त आंकड़ों पर आधारित है। इस अध्ययन में अत्याधुनिक पोलरिमेट्रिक रडार तकनीकों का इस्तेमाल करते हुए चंद्र सतह की संरचना और विशेषताओं का विश्लेषण किया गया। शोध का प्रमुख फोकस चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुवीय क्षेत्र में स्थित ऐसे क्रेटरों से निकले इजेक्टा को समझना है, जिनमें बर्फ की मौजूदगी के संकेत मिले हैं।

शोध में चंद्रयान-2 से प्राप्त रडार अवलोकनों का उन्नत तकनीकी विश्लेषण किया गया है। इससे चंद्र सतह की भौतिक विशेषताओं, संरचना और वहां मौजूद संभावित जल-बर्फ से जुड़ी परिस्थितियों को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिल सकती है। अंतरिक्ष विज्ञान और ग्रहों की सतह के अध्ययन के लिहाज से इस तरह का रडार आधारित विश्लेषण बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। यह शोध डॉ. वी.एस. राठौर और डॉ. ए.पी. कृष्णा के मार्गदर्शन में किया गया। परियोजना में अंतरराष्ट्रीय सहयोग भी शामिल रहा, जिसमें इटली के Ras Lab, CNIT से जुड़े शोधकर्ता डॉ. अजीत कुमार ने भी योगदान दिया।

अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय शोध की पहचान

URSI GASS जैसे वैश्विक सम्मेलन में Young Scientist Award मिलना नितीश कुमार के शोध की अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक पहचान को दर्शाता है। यह उपलब्धि विशेष रूप से रिमोट सेंसिंग, रडार तकनीक, पोलरिमेट्री और अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में भारत में हो रहे उन्नत शोध को भी रेखांकित करती है।

चंद्रयान-2 के वैज्ञानिक आंकड़ों का उपयोग करते हुए चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुवीय क्षेत्र की जटिल सतही संरचनाओं को समझने की दिशा में यह अध्ययन भविष्य के चंद्र अभियानों और ग्रहों की रिमोट सेंसिंग से जुड़े अनुसंधानों के लिए उपयोगी आधार प्रदान कर सकता है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker