भारतीय खिलौनों को मिलेगा वैश्विक बाजार में नया मुकाम
Indian Toys Set to Gain New Prominence in the Global Market
दिल्ली/प्रतिनिधी : केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भारत के खिलौना उद्योग को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पहल की घोषणा की है। नई दिल्ली में उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (DPIIT) द्वारा आयोजित खिलौना क्षेत्र के हितधारकों की बैठक में उन्होंने वर्ष 2032 तक वैश्विक खिलौना बाजार में भारत की हिस्सेदारी 5 प्रतिशत तक पहुंचाने के लक्ष्य के साथ एक विशेष टास्क फोर्स के गठन का ऐलान किया।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अनुसार, यह टास्क फोर्स भारतीय खिलौना उद्योग को वैश्विक मूल्य श्रृंखलाओं से जोड़ने, विनिर्माण क्षमता बढ़ाने तथा व्यापार को अधिक सुगम बनाने की दिशा में कार्य करेगी। पीयूष गोयल ने कहा कि खिलौना उद्योग का विकास विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
यह भी पढ़िए : राष्ट्रमंडल खेल में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
उन्होंने उद्योग जगत से अत्याधुनिक तकनीक, वैश्विक गुणवत्ता मानकों, नवाचार, उत्कृष्ट डिजाइन, टिकाऊ उत्पादन और मजबूत ब्रांडिंग पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। साथ ही निर्यात बढ़ाकर भारतीय खिलौनों को विश्व स्तर पर स्थापित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने खिलौना क्षेत्र के विनिर्माण, नवाचार और निर्यात को गति देने के उद्देश्य से तैयार टॉय सेक्टर प्लेबुक का भी शुभारंभ किया।



