संत गजानन महाराज पर स्मारक सिक्का जारी करने की मांग
Demand for Issuance of Commemorative Coin Honoring Sant Gajanan Maharaj
शेगांव/सान्वी देशपांडे : केंद्रीय आयुष एवं स्वास्थ्य राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने शेगांव के पूज्य श्री संत गजानन महाराज की 150वीं जयंती के अवसर पर उनके सम्मान में स्मारक सिक्का और विशेष डाक टिकट जारी करने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने केंद्रीय वित्त मंत्रालय तथा संचार एवं संस्कृति मंत्रालय को पत्र लिखकर संत गजानन महाराज के आध्यात्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित करने का आग्रह किया है।
यह भी पढ़िए : चासकमान डैम से जल प्रवाह शुरू, निचले इलाकों में सतर्कता
अपने पत्र में प्रतापराव जाधव ने कहा कि श्री संत गजानन महाराज महाराष्ट्र ही नहीं, बल्कि पूरे देश की आध्यात्मिक परंपरा के प्रमुख संतों में से एक हैं। उनके उपदेशों ने सेवा, मानवता, नैतिकता और आध्यात्मिक जीवन के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि संत गजानन महाराज की प्रेरणा से शेगांव आज देश के प्रमुख तीर्थस्थलों में शामिल हो चुका है, जहां हर वर्ष देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
केंद्रीय मंत्री ने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि संत गजानन महाराज की 150वीं जयंती के अवसर पर स्मारक सिक्का और डाक टिकट जारी कर उनके महान कार्यों को राष्ट्रीय सम्मान दिया जाए। उनका मानना है कि इससे नई पीढ़ी को संत गजानन महाराज के आदर्शों से प्रेरणा मिलेगी और भारतीय आध्यात्मिक विरासत को भी नई पहचान प्राप्त होगी।



