आषाढ़ी एकादशी पर CM फडणवीस ने की विठ्ठल महापूजा
CM Fadnavis Performs 'Vitthal Mahapuja' on Ashadhi Ekadashi
नवी मुंबई/सान्वी देशपांडे : आषाढ़ी एकादशी के पावन अवसर पर महाराष्ट्र भक्ति और श्रद्धा के रंग में रंग गया। लाखों वारकरी भगवान श्री विठ्ठल के दर्शन के लिए पंढरपुर पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आज सुबह श्री विठ्ठल और माता रुक्मिणी की पारंपरिक महापूजा संपन्न की। इस वर्ष महापूजा का सम्मान धाराशिव जिले के वारकरी दंपति बाबासाहेब माने और प्रभावती माने को प्राप्त हुआ। महापूजा के बाद श्री विठ्ठल-रुक्मिणी मंदिर समिति ने उनका सम्मान किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री फडणवीस ने घोषणा की कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए “पंढरपुर कॉरिडोर” परियोजना विकसित की जाएगी। उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त इस परियोजना में किसी के साथ अन्याय नहीं होगा और सभी प्रभावित लोगों का उचित पुनर्वास सुनिश्चित करते हुए अगले ढाई वर्षों में कार्य पूरा किया जाएगा।
यह भी पढ़िए : केंद्र सरकार और CJP के बीच आज फिर हुई अहम बैठक
मुख्यमंत्री ने कहा कि वारकरियों और किसानों की सेवा ही भगवान विठ्ठल की सच्ची सेवा है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने इस वर्ष 56 लाख किसानों का कर्ज माफ किया है और सरकार किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, ताकि वे श्रद्धा और आनंद के साथ पंढरपुर की वारी कर सकें। इस दौरान जल संरक्षण, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त वारी और वृक्ष संरक्षण का संदेश देने वाली दिंडी को “श्री विठ्ठल निर्मल दिंडी” पुरस्कार से सम्मानित किया गया।


