KPSC पर भ्रष्टाचार के आरोप; CBI जांच की मांग
Allegations of Corruption in KPSC Recruitment; CBI Probe Demanded
बेंगलुरु/प्रतिनिधी : कर्नाटक लोकसेवा आयोग (KPSC) एक बार फिर भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर विवादों में घिर गया है। इस बार पशु चिकित्सा अधिकारी (Veterinary Officer) पदों की भर्ती परीक्षा के अंतिम चयन परिणाम पर गंभीर सवाल उठाए गए हैं। सैकड़ों अभ्यर्थियों ने गुरुवार को बेंगलुरु स्थित विधान सौध पुलिस स्टेशन पहुंचकर आयोग के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई और चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग की। अभ्यर्थियों का आरोप है कि अंतिम चयन सूची में कई ऐसे उम्मीदवारों को अधिक अंक दिए गए, जो मेरिट के आधार पर चयन के योग्य नहीं थे। वहीं, कुछ अभ्यर्थियों ने दावा किया कि बिचौलियों के माध्यम से नौकरी दिलाने के नाम पर मोटी रकम की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों ने एक कथित स्टिंग ऑपरेशन का भी हवाला दिया, जिसमें नौकरी के बदले 80 लाख रुपये मांगे जाने का दावा किया गया है।
यह भी पढ़िए : महाराष्ट्र बंद: पुणे में वंचित बहुजन अघाड़ी का विशाल मार्च
उम्मीदवारों ने पूरी भर्ती प्रक्रिया को रद्द करने, निष्पक्ष जांच कराने और मामले की सीबीआई से जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि भर्ती में पारदर्शिता नहीं बरती गई तो योग्य अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित होगा। उल्लेखनीय है कि KPSC पहले भी भर्ती में कथित धांधली और भाई-भतीजावाद के आरोपों को लेकर चर्चा में रहा है तथा आयोग के अध्यक्ष पहले से ही निलंबित हैं। फिलहाल इस पूरे मामले पर KPSC की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।



