यमुना सफाई के लिए MCD-NDDB का बड़ा समझौता
Major Agreement Between MCD and NDDB for Yamuna Cleanup
दिल्ली/प्रतिनिधी : दिल्ली में यमुना नदी को स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) और राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (NDDB) के बीच राजधानी में कंप्रेस्ड बायो-गैस (CBG) संयंत्र स्थापित करने के लिए एक समझौता (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में हुए इस समझौते का उद्देश्य गोबर और जैविक अपशिष्ट का वैज्ञानिक प्रबंधन कर हरित ऊर्जा का उत्पादन बढ़ाना, जैविक खेती को प्रोत्साहन देना और यमुना में प्रदूषण फैलाने वाले अपशिष्ट के प्रवाह को रोकना है।
यह भी पढ़िए : नोएडा की पांच मंजिला इमारत में भीषण आग, 2 की मौत
अमित शाह ने कहा कि यह परियोजना न केवल दिल्ली बल्कि देश के अन्य बड़े शहरों के लिए भी एक आदर्श मॉडल साबित हो सकती है। इससे पशुपालकों की आय में वृद्धि होगी, स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा और शहरी स्वच्छता व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि दिल्ली में सीवर और औद्योगिक अपशिष्ट के शोधन के लिए लगभग 80 ट्रीटमेंट प्लांट्स पर कार्य शुरू हो चुका है।
केंद्र सरकार का लक्ष्य दिसंबर 2028 तक यह सुनिश्चित करना है कि यमुना नदी में एक भी लीटर अशोधित गंदा पानी न पहुंचे। इस पहल से पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सतत विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण बदलाव आने की उम्मीद जताई जा रही है।



