प्रतापगढ़ किले के विकास हेतु 127 करोड़ की मंजूरी
Approval of ₹127 Crore for the Development of Pratapgarh Fort
सातारा/सान्वी देशपांडे : प्रतापगढ़ किले के समग्र विकास एवं संरक्षण को लेकर प्रतापगढ़ किला विकास प्राधिकरण की महत्वपूर्ण बैठक सांसद श्रीमंत छत्रपति उदयनराजे भोसले की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में सह-अध्यक्ष एवं मंत्री शंभूराज देसाई, राहत एवं पुनर्वास मंत्री मकरंद जाधव पाटिल सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और प्राधिकरण के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में बताया गया कि विश्व धरोहर स्थल घोषित प्रतापगढ़ किले के विकास और संरक्षण के लिए 127 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। सांसद उदयनराजे भोसले ने कहा कि विकास कार्यों के दौरान किले के मूल ऐतिहासिक स्वरूप से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ नहीं होनी चाहिए। वहीं शंभूराज देसाई ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज द्वारा निर्मित यह किला पिछले 400 वर्षों से अडिग खड़ा है और वर्तमान संरक्षण कार्य भी आने वाली कई पीढ़ियों तक टिकाऊ होने चाहिए।
यह भी पढ़िए : उपराष्ट्रपति ने किया “The Voice of Justice” का विमोचन
बैठक में शिवकालीन बाजार को पुनर्जीवित करने, किले से जुड़े ऐतिहासिक स्थलों को पर्यटन योजना में शामिल करने, शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित म्यूरल और लाइट एंड साउंड शो विकसित करने, दिव्यांगों एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए डोली सुविधा उपलब्ध कराने तथा स्थानीय लोगों को रोजगार से जोड़ने पर भी चर्चा हुई। साथ ही तीन प्राचीन जलाशयों के पुनरुद्धार और सभी विकास कार्यों का थर्ड पार्टी ऑडिट कराने का भी प्रस्ताव रखा गया।



