NH-911 पर ट्रक और बस की आमने-सामने भिड़ंत
Head-on Collision Between Truck and Bus on NH-911
विशेष/प्रतिनिधी : श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़ में NH-911 भारतमाला हाईवे पर सोमवार देर रात एक ट्रक और यात्री बस के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। यह हादसा संत निरंकारी भवन के सामने हुआ, जिसमें करीब एक दर्जन यात्री घायल हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटना ओवरटेक करने के दौरान हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
यह भी पढ़िए : CBD बेलापुर: 6 दिन से सड़क पर पड़ा ग्रीन वेस्ट,जिम्मेदार कौन?
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कई घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय अनूपगढ़ पहुंचाया गया, जबकि अन्य घायलों को 108 एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल ले जाया गया। सूचना मिलने पर अनूपगढ़ थाने के एएसआई सुरेश कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और यातायात को सुचारु करते हुए बचाव कार्य में सहयोग किया।
अस्पताल में सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार तीन घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर ओवरटेक के दौरान हुई लापरवाही को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है।



