FDA की बड़ी कार्रवाई,9 होटलों के लाइसेंस सस्पेंड
Major FDA Crackdown: Licenses of 9 Hotels Suspended
नासिक/सान्वी देशपांडे : लोगों को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने नासिक संभाग में बड़े पैमाने पर कार्रवाई शुरू कर दी है। पिछले दो दिनों के दौरान विभाग की टीमों ने 20 से अधिक होटल, रेस्टोरेंट और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। जांच में खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 9 प्रतिष्ठित होटलों के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए, जबकि बिना वैध लाइसेंस संचालित हो रही 4 खाद्य इकाइयों को तुरंत बंद करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
यह भी पढ़िए : देवगढ़ में न्यूक्लियर प्रोजेक्ट के खिलाफ किसानों का आंदोलन
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को कई गंभीर अनियमितताएं मिलीं। कई होटलों के रसोईघर बेहद अस्वच्छ पाए गए। कोल्ड स्टोरेज की व्यवस्था मानकों के अनुरूप नहीं थी, कच्चा खाद्य पदार्थ खुले में रखा गया था और कर्मचारियों द्वारा व्यक्तिगत स्वच्छता के नियमों का पालन भी नहीं किया जा रहा था। इसके अलावा चार प्रतिष्ठानों के पास वैध फूड बिजनेस रजिस्ट्रेशन अथवा लाइसेंस भी नहीं मिला।
FDA ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संबंधित प्रतिष्ठानों को सभी कमियों को दूर करने तथा वैध लाइसेंस प्राप्त करने तक खाद्य कारोबार पूरी तरह बंद रखने के लिखित निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी ऐसे विशेष निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेंगे ताकि आम नागरिकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जा सके।



