पुणे-नासिक हाईस्पीड रेल पर सरकार का बड़ा फैसला
Government's Major Decision on Pune-Nashik High-Speed Rail
मुंबई/सान्वी देशपांडे : राज्य सरकार ने पुणे-नासिक हाई-स्पीड रेलवे परियोजना को पहले प्रस्तावित रूट के अनुसार लागू करने की दिशा में सकारात्मक संकेत दिए हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने स्पष्ट किया कि परियोजना के मूल मार्ग की तकनीकी व्यवहार्यता का अध्ययन करने के लिए विशेषज्ञों की एक हाई-लेवल कमेटी गठित की जाएगी। समिति की रिपोर्ट के आधार पर राज्य सरकार केंद्र सरकार से मूल रेलवे रूट को लेकर स्वयं फॉलो-अप करेगी। यह आश्वासन मुख्यमंत्री ने जल संसाधन एवं पालकमंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल के नेतृत्व में पहुंचे पुणे, नासिक और अहिल्यानगर जिलों के जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के दौरान दिया। बैठक में विधायक दिलीप वलसे पाटिल, डॉ. किरण लहामटे, सरोज अहिरे, अमोल खटाल, शरद सोनवणे और बाबाजी काले सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
यह भी पढ़िए : BKC मेट्रो से मुफ्त फीडर बस, यात्रियों को बड़ी राहत
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि पहले प्रस्तावित रेलवे मार्ग से तीनों जिलों के कृषि, उद्योग और व्यापार को बड़ा लाभ मिलेगा। इस रूट के लिए पहले ही भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है, लेकिन स्थानीय लोगों को विश्वास में लिए बिना मार्ग में बदलाव किए जाने से व्यापक असंतोष पैदा हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस महत्वाकांक्षी परियोजना के प्रति पूरी तरह सकारात्मक है और इसके लिए राज्य का वित्तीय योगदान भी दिया जा चुका है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विशेषज्ञ समिति की रिपोर्ट आने के बाद मूल रूट के पक्ष में केंद्र सरकार से गंभीरता से चर्चा की जाएगी।



