BKC मेट्रो से मुफ्त फीडर बस, यात्रियों को बड़ी राहत
Free Feeder Bus from BKC Metro; Major Relief for Commuters
मुंबई/सान्वी देशपांडे : मुंबई में पब्लिक ट्रांसपोर्ट डे के अवसर पर यात्रियों की सुविधा के लिए एक विशेष पहल की गई है। मुंबई मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (MMRCL) और मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (MMRDA) ने WRI इंडिया तथा BKC मूव्स के सहयोग से BKC मेट्रो स्टेशन पर इस दिन को उत्साहपूर्वक मनाया। इस अवसर पर एक्वा लाइन से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए BKC इलाके तक मुफ्त फीडर बस सेवा उपलब्ध कराई गई है।
यह सेवा सिटी फ्लो (Cityflo) द्वारा संचालित की जा रही है, जिसका उद्देश्य यात्रियों की लास्ट माइल कनेक्टिविटी को आसान, तेज और सुविधाजनक बनाना है। बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) मुंबई का प्रमुख व्यावसायिक और वित्तीय केंद्र है, जहां प्रतिदिन हजारों कर्मचारी और नागरिक काम के लिए पहुंचते हैं। भारी यातायात के कारण इस क्षेत्र में अक्सर ट्रैफिक जाम की समस्या बनी रहती है।
यह भी पढ़िए : महाराष्ट्र में रेप-दहेज समेत 4,497 सामाजिक अपराधों की शिकायत
इस पहल का उद्देश्य एक एकीकृत सार्वजनिक परिवहन प्रणाली को बढ़ावा देना, निजी वाहनों पर निर्भरता कम करना, ट्रैफिक जाम और कार्बन उत्सर्जन में कमी लाना तथा अधिक से अधिक लोगों को पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन अपनाने के लिए प्रेरित करना है। अधिकारियों का मानना है कि ऐसी पहलें मुंबई को अधिक स्मार्ट, टिकाऊ और प्रदूषण मुक्त शहर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।



