BCA U-19: टीम एफ की टीम ई पर 148 रन से बड़ी जीत
BCA U-19: Team F secures massive 148-run victory over Team E
पटना/प्रतिनिधी : बीसीए महिला अंडर-19 वनडे ट्रॉफी 2025-26 के लीग मुकाबले में बीसीए महिला अंडर-19 टीम एफ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम ई को 148 रन के बड़े अंतर से पराजित कर दमदार जीत दर्ज की। यह मुकाबला पटना के वीडीसीएबीसीए क्रिकेट ग्राउंड, बिदुपुर में खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम एफ ने निर्धारित 40 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 331 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की जीत की सबसे बड़ी नायिका प्रतिभा रहीं, जिन्होंने 117 गेंदों पर 30 चौकों की मदद से शानदार 180 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनके अलावा अनु कुमारी ने 31, शिवी सिंह ने 20 और एकता राज ने 22 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया।
यह भी पढ़िएः बिहार की गुरिया बनीं इंडियन प्लेयर ऑफ द सीजन
332 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम ई निर्धारित 40 ओवर में 7 विकेट पर 183 रन ही बना सकी। टीम की ओर से अदिति रॉय ने 91 गेंदों पर 75 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली, जबकि ऋतु गुप्ता ने 23 और अंजलि पांडेय ने 19 रन बनाए। गेंदबाजी में टीम एफ की जूली कुमारी ने 8 ओवर में मात्र 19 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। वहीं सिद्धि, सेजल, प्रिया, संतोषी और स्वेता ने एक-एक विकेट लेकर टीम की जीत सुनिश्चित की। बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में शानदार प्रदर्शन के दम पर टीम एफ ने प्रतियोगिता में अपनी दावेदारी मजबूत कर दी।



