PMC और नाट्य परिषद का नि:शुल्क एक्टिंग कैंप
PMC and Natya Parishad's Free Acting Camp
पनवेल/सान्वी देशपांडे : पनवेल म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन और अखिल भारतीय मराठी नाट्य परिषद, पनवेल शाखा के संयुक्त तत्वावधान में 11 मई से 19 मई तक नौ दिवसीय नि:शुल्क एक्टिंग ट्रेनिंग कैंप का आयोजन किया जा रहा है। इस विशेष शिविर का उद्घाटन 11 मई को शाम 4 बजे आद्या क्रांतिवीर वासुदेव बलवंत फड़के थिएटर, पनवेल की तीसरी मंजिल पर होगा। उद्घाटन समारोह में मेयर नितिन पाटिल, विपक्ष के नेता अरविंद म्हात्रे, महिला एवं बाल कल्याण समिति की सभापति ममता म्हात्रे, नगरसेवक एवं रंगकर्मी प्रथमेश सोमन, अतिरिक्त आयुक्त महेश कुमार मेघमाले, उपआयुक्त प्रसेनजीत कार्लेकर, संयुक्त आयुक्त डॉ. रूपाली माने सहित कई गणमान्य व्यक्ति और प्रशिक्षक उपस्थित रहेंगे।
नए और प्रतिभाशाली कलाकार तैयार करने का उद्देश्य
यह शिविर पनवेल महानगरपालिका क्षेत्र में नए और प्रतिभाशाली कलाकार तैयार करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण पूरी तरह नि:शुल्क रखा गया है ताकि अधिक से अधिक युवा और कला प्रेमी इसका लाभ उठा सकें।
यह भी पढ़िएः PM Modi ने तमिलनाडु के नए CM को दी शुभकामनाएं https://tv1india.com/?p=30982
पनवेल, खारघर, कलंबोली में एक्टिंग ट्रेनिंग
कैंप के लिए पनवेल, खारघर और कलंबोली में अलग-अलग प्रशिक्षण केंद्र बनाए गए हैं। कलंबोली में शिक्षकों और प्रोफेसरों के लिए विशेष बैच रखा गया है, जबकि पिछले वर्ष प्रशिक्षण ले चुके प्रतिभागियों के लिए हाई-लेवल एक्टिंग ट्रेनिंग बैच की व्यवस्था भी की गई है।
हर केंद्र पर दो समूह बनाए गए हैं
हर केंद्र पर दो समूह बनाए गए हैं। पहला समूह 8 से 16 वर्ष के बच्चों के लिए होगा, जबकि दूसरा समूह 17 से 65 वर्ष तक के युवाओं और वरिष्ठ कलाकारों के लिए रहेगा। थिएटर और सिनेमा जगत के अनुभवी कलाकार प्रतिभागियों को मार्गदर्शन देंगे। शिविर के अंतिम दिन प्रशिक्षार्थियों की प्रस्तुति होगी और सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे।



