Budget 2026-27: स्वास्थ्य क्षेत्र को 1.60 लाख करोड़
Budget 2026-27: Health Sector Allocated ₹1.60 Lakh Crore

दिल्ली/प्रतिनिधि : केंद्रीय बजट 2026-27 में स्वास्थ्य क्षेत्र को बड़ी प्राथमिकता देते हुए कुल 1 लाख 60 हजार करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है। यह राशि वित्त वर्ष 2025-26 के संशोधित अनुमान से लगभग 10 प्रतिशत अधिक है। इस बजट में स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग के लिए 4,800 करोड़ रुपये से अधिक का प्रावधान किया गया है, जो वर्ष 2014-15 की तुलना में 194 प्रतिशत से अधिक की संचयी वृद्धि को दर्शाता है। मंत्रालय के योजना घटक में जहां 6 करोड़ रुपये से अधिक की वृद्धि की गई है, वहीं गैर-योजना घटक में 2,500 करोड़ रुपये से अधिक का इजाफा हुआ है। यह कदम कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन और संस्थागत सुदृढ़ीकरण की दिशा में संतुलित सोच को दर्शाता है।
प्रमुख योजनाओं में प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का आवंटन बढ़ाकर 9,500 करोड़ रुपये, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के लिए 39 हजार करोड़ रुपये से अधिक, तथा प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन के लिए 4 हजार करोड़ रुपये से अधिक निर्धारित किए गए हैं। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार यह बजट एक मजबूत, समावेशी और भविष्य-तैयार स्वास्थ्य प्रणाली के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।



