Republic Day Parade: गणेश चतुर्थी के रंग में रंगी गणतंत्र दिवस परेड
Republic Day Parade Dazzles with the Colors of Ganesh Chaturthi

दिल्ली/प्रतिनिधि : देश के 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर दिल्ली के कर्तव्य पथ पर भव्य सैन्य परेड के बाद विभिन्न राज्यों की रंग-बिरंगी झांकियों ने भारत की सांस्कृतिक विविधता और विकास को दर्शाया। इस वर्ष महाराष्ट्र की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। ‘आत्मनिर्भर भारत’ की थीम पर आधारित महाराष्ट्र की झांकी में राज्य की पहचान माने जाने वाले गणेश चतुर्थी उत्सव को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया।
झांकी में अष्टविनायक, ढोल बजाती पारंपरिक वेशभूषा में मराठी महिलाएं, और गणेश मूर्तियां बनाते मूर्तिकारों की जीवंत प्रतिकृतियां देखने को मिलीं। गणेश चतुर्थी न केवल महाराष्ट्र का प्रमुख त्योहार है, बल्कि इससे जुड़ा रोजगार और आर्थिक गतिविधियां भी आत्मनिर्भर भारत की भावना को मजबूत करती हैं। इस उत्सव के दौरान मूर्ति निर्माण, सजावट, वाद्ययंत्र और अन्य सेवाओं से करोड़ों का कारोबार होता है।
लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक द्वारा शुरू किए गए सार्वजनिक गणेशोत्सव की ऐतिहासिक और सामाजिक भूमिका को भी झांकी के माध्यम से दर्शाया गया। महाराष्ट्र की यह झांकी राज्य की संस्कृति, परंपरा और आर्थिक आत्मनिर्भरता का सशक्त संदेश देती नजर आई।



