T20 World Cup: स्कॉटलैंड को मिला सुनहरा मौका
T20 World Cup 2026: Scotland Gets a Golden Opportunity

नवी मुंबई/सान्वी देशपांडे : अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने एक अहम निर्णय लेते हुए आगामी टी20 विश्व कप के ग्रुप सी में बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल करने की घोषणा की है। यह टूर्नामेंट 7 फरवरी से भारत और श्रीलंका में आयोजित होगा। आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजोग गुप्ता ने सदस्य बोर्डों को भेजे गए पत्र में बताया कि बांग्लादेश द्वारा अपने निर्धारित मैच भारत से बाहर खेलने की मांग आईसीसी की नीति के अनुरूप नहीं थी। ऐसे में प्रतियोगिता की निष्पक्षता और गरिमा बनाए रखने के लिए स्कॉटलैंड को शामिल करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा।
इस निर्णय की जानकारी आईसीसी बोर्ड सदस्य और बीसीबी अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम को भी दी गई है। वहीं, क्रिकेट स्कॉटलैंड को अलग से पत्र भेजकर टूर्नामेंट में भाग लेने का आधिकारिक निमंत्रण दिया गया। स्कॉटलैंड ग्रुप सी में 7 फरवरी को वेस्ट इंडीज, 9 फरवरी को इटली, 14 फरवरी को इंग्लैंड और 17 फरवरी को मुंबई में नेपाल के खिलाफ खेलेगा।



