
पारदर्शी और सुरक्षित चुनाव के लिए कड़े इंतज़ाम
Strict Arrangements for Transparent and Secure Elections
नवी मुंबई/प्रतिनिधि: नवी मुंबई महानगरपालिका के आम चुनाव 2025–26 के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतदान 15 जनवरी 2026 को सुबह 7.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक होगा। चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और सुव्यवस्थित रखने के लिए म्युनिसिपल कमिश्नर एवं मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. कैलाश शिंदे ने हर स्तर पर तैयारियों की समीक्षा की है। चुनाव से एक दिन पहले, 14 जनवरी को सभी आठ रिटर्निंग ऑफिसर कार्यालयों के माध्यम से पोलिंग स्टाफ को मतदान सामग्री का वितरण किया गया और सभी टीमें अपने-अपने पोलिंग स्टेशनों पर पहुंच गई हैं। इस चुनाव में कुल 9,48,460 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। 28 वार्डों में कुल 500 उम्मीदवार मैदान में हैं। मतदान के लिए 191 स्थानों पर 1148 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं।
मतदाताओं की सुविधा के लिए पीने का पानी, शौचालय, मेडिकल टीम, व्हीलचेयर और वोटर असिस्टेंट बूथ की व्यवस्था की गई है। दिव्यांग, वरिष्ठ नागरिक और गर्भवती महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। सुरक्षा के लिहाज से सभी पोलिंग स्टेशनों पर वेबकास्टिंग और 1250 CCTV कैमरों से निगरानी की जा रही है। डॉ. कैलाश शिंदे ने नवी मुंबई के नागरिकों से अपील की है कि वे लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और अपने संविधानिक अधिकार का उपयोग करें।



