Fog की मार: दिल्ली एयरपोर्ट पर 128 से ज्यादा उड़ानें रद्द
Fog disrupts air travel: Over 128 flights cancelled at Delhi Airport

दिल्ली;प्रतिनिधि: दिल्ली और आसपास के इलाकों में शीतलहर और घने कोहरे का असर हवाई यातायात पर गंभीर रूप से देखने को मिला। खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 128 से अधिक उड़ानों को रद्द कर दिया गया। इनमें 64 प्रस्थान और 64 आगमन उड़ानें शामिल हैं। इसके अलावा, कम विजिबिलिटी की वजह से 8 उड़ानों को अन्य हवाई अड्डों की ओर डायवर्ट करना पड़ा, जबकि करीब 200 फ्लाइट सेवाएं देरी से संचालित हुईं। इससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।
दिल्ली एयरपोर्ट प्रशासन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक एडवाइजरी जारी करते हुए बताया कि रनवे पर दृश्यता में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है, लेकिन इसके बावजूद कुछ प्रस्थान और आगमन अभी भी प्रभावित हो सकते हैं। एयरपोर्ट ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी उड़ान से जुड़ी ताज़ा जानकारी के लिए संबंधित एयरलाइंस से संपर्क करें और एयरपोर्ट पहुंचने से पहले स्थिति की पुष्टि कर लें।



