Namo Ghat पर काशी तमिल संगमम 4.0 की धूम
Kashi Tamil Sangam 4.0 is a buzz at Namo Ghat

वाराणसी/प्रतिनिधि : वाराणसी के नमो घाट पर इन दिनों खास चहल-पहल देखने को मिल रही है। काशी तमिल संगमम 4.0 ने न सिर्फ घाटों की रौनक बढ़ाई है, बल्कि लोगों के दिलों में एक अलग ही उत्साह भर दिया है। हर तरफ रंग-बिरंगी सजावट, सांस्कृतिक झलक और भक्तिमय माहौल ने घाट को जीवंत बना दिया है। हमारे सहयोगी हरिकेश बहादुर सिंह गौतम ने नमो घाट का वॉकथ्रू कर वहां के माहौल और काशीवासियों की भावना को करीब से महसूस किया।
घाट पर मौजूद काशीवासी इस आयोजन को लेकर बेहद उत्साहित नजर आए। कई लोगों ने कहा कि काशी और तमिल संस्कृति का यह संगम भारत की एकता और सांस्कृतिक विरासत का अनोखा उदाहरण है। स्थानीय लोगों का मानना है कि इस कार्यक्रम से काशी की पहचान और भी वैश्विक हो रही है और व्यापारियों को भी खूब लाभ मिल रहा है।
नमो घाट पर पहुंचने वाले श्रद्धालु और पर्यटक दक्षिण भारतीय परंपराओं, संगीत और भोजन का भी आनंद ले रहे हैं। घाटों पर चल रहे सांस्कृतिक कार्यक्रम, दीप सज्जा और पारंपरिक स्वागत माहौल को और भव्य बना रहे हैं। कुल मिलाकर, काशी तमिल संगमम 4.0 ने नमो घाट को उत्साह, सौहार्द और सांस्कृतिक एकता की अद्भुत प्रतीक भूमि में बदल दिया है।



