Swasti Niwas : HM अमित शाह ने किया कैंसर मरीजों के लिए स्वस्ति निवास का शिलान्यास
HM Amit Shah laid the foundation stone of Swasthi Niwas for cancer patients

नागपुर-विशेष प्रतिनिधिः केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज सोमवार सुबह महाराष्ट्र के नागपुर में नेशनल कैंसर इंस्टिट्यूट के परिसर में मरीजों और उनके परिजनों के लिए बनाए जाने वाले ‘स्वस्ति निवास’ का भूमि पूजन किया। इस अवसर पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। इस अवसर पर केन्द्रीय गृह मंत्री ने नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी (NFSU) के नागपुर कैम्पस के स्थायी परिसर का भूमिपूजन और अस्थायी कैम्पस का ई-उद्घाटन भी किया. अपने संबोधन में केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि आने वाले दिनों में इस कैंसर संस्थान का नाम पूरे देश के सबसे अच्छे कैंसर संस्थानों में शामिल होगा।उन्होंने कहा कि इसकी नींव में सेवा भाव है, पीछे कर्मठ लोग हैं और समाज में कोई दुखी न रहे, ऐसी कल्पना के साथ इसे चलाया जा रहा है। ऐसे संस्थान ही पनपते, बढ़ते और लंबे समय तक समाज की सेवा करते हैं।
भारत सर्वाधिक ओरल कैंसर वाला देश, सतर्क होना जरूरीःशाह
https://youtu.be/LPCqV76wN3U?si=EIF2oGS_hsenNJTg
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि भारत दुनिया में सबसे अधिक ओरल कैंसर के मामलों वाला देश है। उन्होंने कहा कि सर्वाइकल कैंसर की वजह से भारत में हर 8 मिनट में एक व्यक्ति की मौत होती है। कुछ साल पहले कैंसर को एक लाइलाज बीमारी माना जाता था लेकिन पिछले 15 साल में देशभर में कई अच्छे कैंसर संस्थान बने और इनके माध्यम से कैंसर के इलाज को सुलभ कराने का काम हुआ है। श्री शाह ने कहा कि मध्य प्रदेश, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के सबसे गरीब क्षेत्र के बीच स्थित इस सेवा संस्थान में अधिकतर मध्यम वर्ग, निम्न मध्यम वर्ग और गरीब वर्ग के मरीज़ इलाज करवाने आते हैं। गृह मंत्री ने कहा कि 28 फरवरी, 2015 को इस संस्थान का शिलान्यास हुआ और 2023 में इसका उद्घाटन हुआ और आज स्वस्ति निवास के साथ इसे परिपूर्ण करने का काम हो रहा है।
अमित शाह ने कहा कि पश्चिमी देशों में अस्पताल का कॉन्सेप्ट अलग है और हमारे समाज की रचना, कुटुंब व्यवस्था और परिजनों के प्रति लगाव की संस्कृति अलग है।विदेशों में जब कोई बीमार होता है तो मरीज़ को अस्पताल में भर्ती करवा देते हैं लेकिन हमारे यहां किसी के बीमार होने पर पूरा परिवार उसके साथ मन और लगाव के साथ जुड़ जाता है। शाह ने कहा कि यहां स्वस्ति निवास की कल्पना के साथ इस कैंसर संस्थान की टीम ने भारत में अस्पताल बनाने के क्षेत्र में एक नया विचार देश के सामने रखा है, जो आने वाले दिनों में हमारे परिवार की संवेदनाओं को जीवित रखेगा। उन्होंने कहा कि यहां जो भी मरीज़ आएगा, उसके परिजन मरीज़ से मिल सकेंगे और कम से कम खर्च में यहां रात्रि निवास कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि आभाजी थत्ते जी ने पूज्य गुरुजी और पूज्य बाला साहब देवरस जी के साथ मिलकर अपना पूरा जीवन भारत के पुनर्निमाण में समर्पित किया।गरीबों के लिए 25 लाख की मदद, सस्ती दवाओं की चेन
गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि विगत 11 वर्षों में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देश के स्वास्थ्य परिदृश्य में बहुत सकारात्मक बदलाव आया है। प्रधानमंत्री मोदी जी ने देश के करोड़ों गरीबों के लिए 5 लाख रूपए तक का सभी इलाज मुफ्त कर दिया है। उन्होंने कहा कि इसमें राज्य द्वारा दी जाने वाली राशि जोड़ने पर लगभग किसी गरीब को 25 लाख रूपए तक के इलाज पर कोई पैसा खर्च करने की ज़रूरत नहीं होती है। श्री शाह ने कहा कि इसके कारण देश के करोड़ों गरीबों के जीवन में बीमारी के समय में लड़ने का हौंसला आया है और बीमारी से ठीक होकर फिर से अपने परिवार के साथ रहने की आशा जन्मी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी ने न सिर्फ 5 लाख रूपए तक के मुफ्त इलाज की व्यवस्था की है बल्कि सस्ती दवाओं की दुकानों की चेन भी खड़ी की है।



