Delhi Election 2025: ‘मतदान प्रजातंत्र की ऑक्सीजन – उपराष्ट्रपति
Delhi Election 2025: 'Voting is the oxygen of democracy' - Vice President
दिल्ली: भारत के उपराष्ट्रपति, श्री जगदीप धनखड़ ने आज एक महत्वपूर्ण बयान देते हुए कहा कि “मतदान महान दान है। मतदान प्रजातंत्र की ऑक्सीजन है।” उन्होंने आगे कहा कि “प्रजातंत्र का आधार मतदान है, मतदान सब अधिकारों की जननी है। इससे सर्वोपरि कोई अधिकार नहीं हैं। प्रजातंत्र का महत्व तब है, जब हर व्यक्ति अपना मतदान विवेकपूर्ण तरीके से, स्वतंत्रता से देश के लिए करे। इसी से प्रजातंत्र फलता है, फूलता है और विकसित होता है।”
श्री धनखड़ ने भारत को दुनिया का सबसे पुराना, सबसे बड़ा, सबसे मजबूत और सबसे जीवंत लोकतंत्र बताया। उन्होंने कहा, “यहां सत्ता परिवर्तन या सत्ता का स्थायित्व मतदान से ही जाहिर होता है। यह बेशकीमती अधिकार भारत के हर नागरिक को प्राप्त है।”
भारत के स्वतंत्रता संग्राम के बाद, हर वयस्क नागरिक को, चाहे वह महिला हो या पुरुष, मतदान का अधिकार दिया गया। श्री धनखड़ ने कहा, “यह अधिकार उस समय की कई अन्य प्रजातांत्रिक व्यवस्थाओं में उपलब्ध नहीं था, जो हमसे पहले स्वतंत्र हुई थीं। आज के दिन को मैं प्रजातांत्रिक व्यवस्था का एक बड़ा उत्सव मानता हूं।”
उन्होंने चुनाव आयोग की सराहना करते हुए कहा कि आजकल चुनाव प्रक्रिया सरल और सुगम हो गई है, और पूरी दुनिया इसका कायल है। उन्होंने यह भी कहा, “हमने जो तकनीक अपनाई है, जिसके माध्यम से चुनाव परिणाम त्वरित गति से घोषित होते हैं, दुनिया इसकी सराहना कर रही है।”
उप-राष्ट्रपति ने सभी नागरिकों से मतदान करने की अपील करते हुए कहा, “आज के दिन मैं सभी को शुभकामनाएं देता हूं और आह्वान करता हूं कि वे अपने मत का दान अवश्य करें। प्रजातांत्रिक महायज्ञ के इस महाकुंड में अपनी आहुति देकर इस महायज्ञ को पूर्ण करें।”
उन्होंने अंत में कहा, “आप सभी का दिन शुभ हो और कृपया मतदान करें। यही मेरी कामना है।”



