
कोल्हापुर के छह तालुकों में सूखे का ‘ट्रिगर-1’ लागू, प्रभावित किसानों को मिलेंगी विभिन्न रियायतें
Drought 'trigger-1' implemented in six taluks of Kolhapur, affected farmers will get various concessions.
महाराष्ट्र, कोल्हापुर : खरीफ सीजन 2026 में बारिश की कमी और अन्य निर्धारित मानकों के आधार पर महाराष्ट्र के 265 तालुकों में सूखे जैसी स्थिति सामने आई है। इसे देखते हुए राज्य के मदद एवं पुनर्वसन विभाग ने 25 सितंबर 2026 को शासन निर्णय जारी किया है।इस निर्णय के तहत कोल्हापुर जिले के पन्हाला, राधानगरी, गगनबावड़ा, भुदरगढ़, आजरा और चंदगढ़ इन छह तालुकों को शामिल किया गया है। इन क्षेत्रों में ‘Trigger-1’ यानी ‘प्रथम कळ’ लागू की गई है।
ट्रिगर-1 लागू होने के बाद सूखा प्रभावित क्षेत्रों के लिए सरकार की ओर से विभिन्न रियायतें और उपाययोजनाएं लागू की जाएंगी। इनमें जमीन के राजस्व में छूट, फसल ऋण का पुनर्गठन और कृषि से जुड़े कर्ज की वसूली पर रोक जैसी राहत शामिल है। साथ ही 7.5 हॉर्सपावर से अधिक क्षमता वाले कृषि पंपों के चालू बिजली बिल में भी छूट दी जाएगी। इसके अलावा स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों की परीक्षा फीस माफ करने, रोजगार गारंटी योजना के तहत काम शुरू करने के लिए मानदंडों में शिथिलता देने तथा अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जहां आवश्यकता होगी, वहां टैंकरों के माध्यम से पीने के पानी की आपूर्ति की जाएगी। सूखा घोषित गांवों में किसानों के कृषि पंपों की बिजली कनेक्शन नहीं काटने, किसानों और खेत मजदूरों को खाद्यान्न की कमी न होने देने तथा पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था करने के साथ-साथ जलसंधारण के काम भी शुरू किए जाएंगे। प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में फसलों की स्थिति का सर्वेक्षण किया जाएगा। सर्वेक्षण किए गए क्षेत्रों की फसलों की स्थिति दर्शाने वाली तस्वीरें और GPS कोऑर्डिनेट्स एकत्र कर रिपोर्ट सरकार को भेजी जाएगी।
वहीं, सूखे से प्रभावित किसानों को फसल नुकसान के लिए दी जाने वाली आर्थिक सहायता की घोषणा निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद अलग शासन निर्णय के माध्यम से की जाएगी। सरकार के निर्देश के अनुसार कोल्हापुर जिले में सूखे की स्थिति का सर्वेक्षण और पंचनामा प्रक्रिया शुरू की जाएगी। प्रशासन की ओर से प्रभावित किसानों को शासन की घोषित रियायतों और सहायता का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई जल्द शुरू की जाएगी।



