25 सितंबर से 10 अक्टूबर तक पितृपक्ष मेला, श्रद्धालुओं के लिए मेडिकल सुविधाएं तैयार
Pitru Paksha Mela from September 25 to October 10; medical facilities ready for pilgrims.

गयाजी (गया, बिहार) : आगामी पितृपक्ष मेला 2026 के दौरान देश-विदेश से गया आने वाले तीर्थयात्रियों और श्रद्धालुओं को बेहतर, त्वरित और सुगम सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। बिहार सरकार के निर्देश पर मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है।
पितृपक्ष मेला 25 सितंबर से 10 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होगा। मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी शशांक शुभंकर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रशासन की ओर से की जा रही व्यवस्थाओं और तैयारियों की जानकारी दी।जिलाधिकारी ने बताया कि मेला अवधि में देश के विभिन्न हिस्सों के साथ-साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के गया पहुंचने की संभावना है। संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी की जा रही हैं
उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य शिविर, मोबाइल मेडिकल टीम, एंबुलेंस, समर्पित बेड और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की व्यवस्था को मजबूत किया गया है। किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इसके अलावा मेला क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया जा रहा है। श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।जिला प्रशासन का उद्देश्य पितृपक्ष मेला अवधि के दौरान श्रद्धालुओं को 24 घंटे आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराना और उनके गया प्रवास को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक बनाना है। प्रशासन की ओर से मेला क्षेत्र में व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी किए जाने की भी बात कही गई है।
गया में 25 सितंबर से 10 अक्टूबर तक पितृपक्ष मेला होगा। डीएम शशांक शुभंकर ने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए स्वास्थ्य शिविर, एंबुलेंस, मेडिकल टीमें और आपात सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।



