मोशी हादसा: मृतकों के परिवारों को ₹10 लाख सहायता
Moshi accident: ₹10 lakh aid to families of deceased
पिंपरी-चिंचवड़/सान्वी देशपांडे : मोशी स्थित वेस्ट टू एनर्जी प्रोजेक्ट में हुए दर्दनाक हादसे के बाद पिंपरी-चिंचवड़ नगर निगम (PCMC) की विशेष बैठक में पीड़ित परिवारों को राहत देने और हादसे की निष्पक्ष जांच के लिए कई अहम फैसले लिए गए। बैठक में निर्णय लिया गया कि हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिवार को 10 लाख रुपये तथा घायलों को 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। साथ ही, ठेकेदार कंपनी मेसर्स एंटनी लारा के माध्यम से मृतकों के वारिसों को 50 लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम ने मृतकों के बच्चों की शिक्षा का पूरा खर्च उठाने और पात्र आश्रितों को नगर निगम सेवा में रोजगार उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजने का भी निर्णय लिया है।
यह भी पढ़िए : 2 अगस्त से फिर शुरू होंगी सोलापुर-मुंबई उड़ानें
हादसे के बाद तत्काल प्रभाव से मुख्य अभियंता संजय कुलकर्णी और कार्यकारी अभियंता योगेश अलहट को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। वहीं, हादसे की तकनीकी और प्रशासनिक जिम्मेदारी तय करने के लिए उच्च स्तरीय जांच समिति गठित की गई है। ठेकेदार कंपनी के प्रोजेक्ट हेड और सेफ्टी इंस्पेक्टर के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। महापौर रवि लांडगे ने कहा कि पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी। साथ ही, शहर में विकेंद्रीकृत वेस्ट मैनेजमेंट व्यवस्था को तेज़ी से लागू करने के निर्देश भी दिए गए हैं।



