दूरदर्शन ने शुरू किया AI और XL प्रशिक्षण अभियान
Doordarshan Launches AI and Excel Training Campaign
दिल्ली/सान्वी देशपांडे : दूरदर्शन कमर्शियल सर्विस (डीसीएस) ने “एडवांस एक्सेल, डेटा एनालिसिस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टूल्स एवं उनके ब्रॉडकास्टिंग में उपयोग” विषय पर तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ किया है। 15 से 17 जुलाई तक आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को हाइब्रिड मोड में आयोजित किया जा रहा है, ताकि देशभर के अधिक से अधिक अधिकारी और कर्मचारी इसमें भाग ले सकें। इस प्रशिक्षण में दूरदर्शन महानिदेशालय, दूरदर्शन कमर्शियल सर्विस, दूरदर्शन केंद्र दिल्ली, डीडी न्यूज़, आकाशवाणी तथा दूरदर्शन के विभिन्न क्षेत्रीय कार्यालयों के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हो रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को एडवांस एक्सेल के आधुनिक फीचर्स, डेटा विश्लेषण की उन्नत तकनीकों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित उपकरणों के प्रभावी उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
यह भी पढ़िए : 22 जुलाई को सरकारी स्तर पर मनाई जाएगी अजित पवार जयंती
प्रशिक्षण का उद्देश्य समाचार, कार्यक्रम निर्माण, कंटेंट मैनेजमेंट, डेटा प्रोसेसिंग और प्रसारण कार्यों में एआई तकनीकों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करना है। साथ ही डेटा आधारित निर्णय प्रक्रिया, कार्यकुशलता में वृद्धि और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन दिया जा रहा है। आकाशवाणी और दूरदर्शन के महानिदेशक योगेश कुमार बावेजा ने कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीकों को अपनाकर प्रसारण सेवाओं को अधिक प्रभावी, दक्ष और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप बनाया जा सकता है।



