जगन्नाथ रथ यात्रा से पहले प्रशासन पूरी तरह अलर्ट
Rath Yatra 2026: Joint Exercise by Security Agencies
ओडिशा/प्रतिनिधी : विश्व प्रसिद्ध भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा 16 जुलाई से शुरू होने जा रही है। इस भव्य धार्मिक आयोजन में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए ओडिशा प्रशासन ने सुरक्षा और आपदा प्रबंधन की तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। रथ यात्रा से पहले राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF), स्काउट एंड गाइड, अग्निशमन सेवा, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग तथा अन्य संबंधित एजेंसियों ने संयुक्त रूप से एक बहु-एजेंसी मॉक ड्रिल का आयोजन किया। इस अभ्यास के दौरान भगदड़, आग लगने, अचानक स्वास्थ्य आपात स्थिति और अन्य संभावित आपदाओं से निपटने की तैयारियों का परीक्षण किया गया।
यह भी पढ़िए : 11 दिनों में 2.75 लाख श्रद्धालुओंने किए बाबाबर्फानी के दर्शन
मॉक ड्रिल में बचाव दलों ने त्वरित प्रतिक्रिया, घायल श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने, प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने तथा भीड़ नियंत्रण के विभिन्न पहलुओं का अभ्यास किया। अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के संयुक्त अभ्यास का उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति में सभी एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना और कम से कम समय में प्रभावी राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करना है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि वे यात्रा के दौरान जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन एवं सुरक्षा बलों का सहयोग करें।



