जयशंकर ने बहरीन नेतृत्व से द्विपक्षीय सहयोग पर की अहम बैठक
Jaishankar holds key meeting with Bahraini leadership on bilateral cooperation
विशेष/प्रतिनिधि : भारत और बहरीन के बीच द्विपक्षीय संबंधों को नई मजबूती देने की दिशा में विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने सोमवार को बहरीन के राजा हमद बिन ईसा अल खलीफा और प्रधानमंत्री सलमान बिन हमद अल खलीफा से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी, आर्थिक सहयोग, व्यापार, निवेश और आपसी हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।
डॉ. जयशंकर ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से बहरीन के दोनों नेताओं को हार्दिक शुभकामनाएं एवं शुभेच्छाएं प्रेषित कीं। उन्होंने भारत-बहरीन रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में बहरीन के नेतृत्व की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की और वहां रह रहे भारतीय समुदाय की सुरक्षा, सम्मान और कल्याण सुनिश्चित करने के लिए बहरीन सरकार का आभार व्यक्त किया।
यह भी पढ़िए : IND vs ENG 3rd T20: आज किसकी होगी जीत ?
अपने दौरे के दौरान विदेश मंत्री ने बहरीन में बसे भारतीय समुदाय के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की। उन्होंने कहा कि भारतीय प्रवासी न केवल बहरीन के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं, बल्कि दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक और सामाजिक संबंधों को भी मजबूत बना रहे हैं। जयशंकर ने समुदाय के सुझावों को ध्यानपूर्वक सुना और भरोसा दिलाया कि भारत सरकार विदेशों में रहने वाले प्रत्येक भारतीय के हितों की रक्षा तथा भारत-बहरीन संबंधों को और अधिक प्रगाढ़ बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।



