Trending

Pahalgam Tourist Attack : मौन रैली में जैन समाज की मांग-Modi जी, पाकिस्तान को सबक सिखाओ

Pahalgam Tourist Attack : Silent rally of Jain community against Pakistan in Mumbai

सतीश सोनी/विशेष प्रतिनिधि-मुंबई:  कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के विरोध में आज मुंबई के बोरीवली में सकल जैन समाज ने मौन रैली निकाली और पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी करते हुए निषेध प्रदर्शन किया. श्री बोरीवली 27 जैन संघ के सौजन्य से स्नेहल शाह के नेतृत्व में यह रैली निकाली गई. निषेध रैली में बड़ी संख्या में जैन समाज की महिलाओं और पुरुषों ने हिस्सा लिया. इस सर्वधर्म मौन रैली की शुरुआत बोरीवली पश्चिम की जामनी गल्ली जैन देरासर से हुई और एसवी रोड से रेलवे स्टेशन परिसर, एलटी रोड, टीपीएस रोड होते हुए वीर सावरकर उद्यान प्रांगण में मौन रैली का समापन हुआ. इस दौरान नागरिकों ने पहलगाम हमले में शहीद पर्यटकों को श्रद्धांजलि दी और उनके परिजनों को दुख सहने की हिम्मत देने ईश्वर से प्रार्थनाएं की.

हाथों में काली पट्टी, और जुबान पर नारा-पाकिस्तान मुर्दाबाद

जैन समाज के लोगों ने हाथों में काली पट्टी बांधकर पाकिस्तान के खिलाफ विरोध दर्शाया. सर्वधर्म मौन रैली में सैकड़ों नागरिकों ने यहां शहीद पर्यटकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी आत्मा की चिरशांति की प्रार्थना की. यहां पाकिस्तान मूर्दाबाद का नारा लगाते हुए तीव्र निषेध किया गया. जैन समाज ने कहा कि वे अहिंसावादी हैं लेकिन देश की सुरक्षा के लिए आतंकियों का समूल नाश होना जरूरी है. भारत आतंकी घटनाओं से परेशान है इसलिए उसका पूरा निदान होना चाहिए.  

सरकार के साथ जैन समाज, तन-मन-धन से समर्थन  

निषेध रैली का नेतृत्व कर रहे स्नेहल शाह, अशोक शाह एवं नैनेश शाह ने पहलगाम में 26 हिंदुओं की हत्या को पाकिस्तान समर्थित आतंकियों की करतूत करार देते हुए मोदी सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग की. जैन समाज के नेताओं ने कहा कि भारत 26/11, मुंबई ब्लास्ट, 1993 बम धमाका, कारगिल और पुलवामा जैसे अटैक झेल चुका है. पहलगाम उसकी नई कड़ी है. अब भारत सरकार को कड़े कदम और सख्त कार्रवाई करनी चाहिए. यह करारा जवाब देने का वक्त है. स्नेहल शाह, अशोक शाह एवं नैनेश शाह ने पाकिस्तानी बयानों को दुत्कारते हुए कहा कि पाकिस्तान के खिलाफ मोदी सरकार जो भी निर्णय लेगी, सकल जैन समाज तन मन धन से समर्थन में खड़ा रहेगा.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker